बंद घर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर/देहरादून। ढालीपुर क्षेत्र में बंद घर का दरवाजा तोड़कर चोरी करने की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी सद्दाम (32) पुत्र इकराम निवासी ढालीपुर को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर को सुंदर सिंह निवासी ढालीपुर ने घर से नकदी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत कोतवाली विकासनगर में दर्ज कराई थी। इस पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर उसे ढालीपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग की-पैड मोबाइल, 12 हजार रुपये नकद, एक पर्स और वादी की आईडी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। वह पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।