सशक्त पुलिस परिवार से ही मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था: एसपी

उत्तरकाशी। पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने पुलिस परिवार की महिलाओं के साथ गोष्ठी आयोजित कर उनकी समस्याएं, सुझाव और आवश्यकताओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
एसपी ने कहा कि पुलिस बल के मनोबल और बेहतर कार्यप्रणाली में पुलिस परिवार की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गोष्ठी में महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, साइबर अपराधों से बचाव, नए कानूनी प्रावधानों तथा डायल-112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में महिला काउंसलिंग सेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।