हुड़दंग मचा रहे चार युवकों को पुलिस ने लिया हिरासत में

चमोली। थाना पोखरी पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में हो-हल्ला कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस की बात नहीं मानी और हंगामा जारी रखा। इसके बाद पुलिस ने मुकेश (निवासी वल्ली, पोखरी), अनूप, अनिल और अनुज (निवासी किरोली, पीपलकोटी) को हिरासत में लेकर थाना पोखरी लाया। चारों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी गई। चमोली पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे में हुड़दंग और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।