हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपी किए गिरफ्तार

टिहरी। लंबगांव क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के मामले में टिहरी पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर पर की जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन के चालक सचिन पंवार और मुख्य आरोपी के सहयोगी सुमित प्रसाद को गिरफ्तार किया। वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित कार्रवाई जारी है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।