पाबौ को मिली विकास कार्यों की सौगात, विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड पाबौ में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को लगभग 49 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सरकार की प्राथमिकता बताया।
लोकार्पित योजनाओं में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ के मरम्मत कार्य, आवासीय भवनों के सुधार तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य शामिल रहे। मंत्री ने जरूरतमंद लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए और सीएचसी पाबौ का निरीक्षण कर मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं बुनियादी सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा विद्युत, पर्यटन और अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा भी की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए गए। मंत्री ने ग्राम प्रहरियों से नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।