श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार से शुरू होगी ओपीडी

हरिद्वार। श्यामपुर स्थित नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। केंद्र में शनिवार से ओपीडी सेवाएं शुरू होंगी, जिससे श्यामपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य सचिव ने केंद्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को मरीजों को नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भविष्य में केंद्र को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि वर्ष 2022 में उनके कार्यकाल में केंद्र को स्वीकृति मिली थी। इसके संचालन से ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. आरके सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।