नकबजनी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; तीन लाख की ज्वैलरी बरामद

देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब तीन लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी बरामद की है। मामला 26 मई 2026 का है, जब शंकरपुर हुकुमतपुर निवासी राज सिंह के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने जेवरात चोरी कर लिए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए रहमान, फैजान और शहबान को शंकरपुर मार्ग स्थित आम के बाग के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। बरामद ज्वैलरी को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।