बहुउद्देशीय जागरूकता एवं लाभार्थी शिविर हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

पौड़ी। कोटद्वार तहसील के बोक्सा जनजातीय बहुल क्षेत्र हल्दुखाता मल्ला में पीएम-जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत बहुउद्देशीय जागरूकता एवं लाभार्थी शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें विभिन्न सेवाओं से लाभान्वित करना रहा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जिला उद्योग केंद्र, बाल विकास एवं कृषि विभाग सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 22 लोगों का परीक्षण किया गया, जबकि 6 नए बिजली कनेक्शन आवेदन प्राप्त हुए। स्वरोजगार योजना के तहत 6 आवेदन लिए गए तथा कृषि विभाग द्वारा 14 किसानों को उन्नत बीज व उर्वरक वितरित किए गए। साथ ही 8 नए आधार कार्ड बनाए गए और 20 आधार अपडेट किए गए।