01 अक्टूबर से शुरू होगा खनन सत्र, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस

01 अक्टूबर से शुरू होगा खनन सत्र, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस


देहरादून। जनपद में खनन सत्र 2026-27 आगामी 1 अक्टूबर से शुरू होगा। खनन कार्य को पारदर्शी और नियमानुसार संचालित करने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला खनन समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शासन एवं न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आबादी वाले और आपदा संभावित क्षेत्रों में रिवर ड्रेजिंग एवं चौनलाइजेशन महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को आपदा संभावित क्षेत्रों का चिह्नीकरण कर उपखनिज की मात्रा का आकलन करने और नए लॉटों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। तहसील स्तर पर गठित एंटी माइनिंग टास्क फोर्स को सक्रिय रखने तथा खनन क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने खनन वाहनों में रेडियम और फॉग लाइट अनिवार्य करने, स्टोन क्रशरों में धर्मकांटा लगाने तथा वाहनों की फिटनेस और चालकों की पहचान की जांच के निर्देश दिए। घोड़े-खच्चरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी नियमित जांच होगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए स्टोन क्रशर संचालकों को कम से कम एक हजार पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि जनपद में निजी नाप भूमि के तीन, वन विकास निगम के चार, जीएमवीएन के आठ, ई-निविदा से स्वीकृत एक और कैलाश रिवर बैंड एलएलपी के 14 खनन पट्टे आवंटित हैं। कुल 69 लॉट में से 30 पर खनन कार्य संचालित है। इनसे अब तक 31.26 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। कुल 659.81 हेक्टेयर क्षेत्र खनन के लिए निर्धारित है। बैठक में अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार, एसपी स्वतंत्र सिंह, एसडीएम, जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *