आधे घंटे के व्यायाम से रहेंगे अस्पतालों से हमेशा दूर

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी,
हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर वसुधैव कुटुम्बकम फाउंडेशन (रजि.) द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम, बीएचईएल रानीपुर में भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। “योग फॉर सेल्फ एंड सोसाइटी” की थीम पर मॉर्निंग वॉक के साथ हुआ। इसमें 45 सदस्यों ने सक्रिय प्रतिभाग किया।
योग शिक्षक सुमित गोयल ने सबसे पहले सभी सदस्यों को योग का महत्व समझाते हुए सूक्ष्म व्यायाम से सत्र की शुरुआत कराई। इसके बाद क्रमवार अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम कराया गया। मुख्य आसनों में सूर्य नमस्कार के 12 चरण, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, भुजंगासन, धनुरासन, शवासन सहित 20 से अधिक योगासनों का अभ्यास कराया गया।
सुमित गोयल ने कहा कि योग कोई एक दिन का अभ्यास नहीं है, यह जीवन जीने की कला है। आज हमने जो आसन किए हैं, अगर इनमें से सिर्फ 4-5 आसन भी रोज 20 मिनट किए जाएं तो 80% लाइफस्टाइल बीमारियों से बचा जा सकता है। डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड, मोटापा, सर्वाइकल, कमर दर्द, माइग्रेन, डिप्रेशन, अनिद्रा – ये सभी बीमारियां गलत दिनचर्या की देन हैं। योग से शरीर का मेटाबॉलिज्म ठीक होता है, हार्मोन बैलेंस होते हैं और इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग होती है। वसुधैव कुटुम्बकम फाउंडेशन का यह प्रयास सराहनीय है कि वह समाज को मुफ्त में स्वास्थ्य का उपहार दे रही है। इस मौके पर निधि अग्रवाल, संस्था की अध्यक्ष रेनू अरोड़ा, योग गुरु सुमित गोयल, संयोजक निधि अग्रवाल, विनीत सिकोरिया, संगीता आहूजा, सोनिया भाटिया, रुचि तनेजा, शारदा बेदी, सोनिया अरोड़ा, उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।