अवैध गैस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 327 सिलेंडर से लदा वाहन कब्जे में, मुकदमा दर्ज

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्यूआरटी टीम ने देर रात बड़ी छापेमारी करते हुए अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़ किया।
निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप स्थित एक बंद पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही थी। रात्रि 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले अभियान में टीम ने मौके से 32 गैस सिलेंडर, 4 रिफिलिंग उपकरण जब्त किए। साथ ही वाहन संख्या यूपी-17-बीटी-0390 को भी कब्जे में लिया गया, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे। प्रथम दृष्टया पाया गया कि सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। यह कार्य आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत गंभीर अपराध है और जनसुरक्षा के लिए बड़ा खतरा भी है। थाना पटेलनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भूपेन्द्र मंडल (38 वर्ष), निवासी बिहार हाल निवासी ब्रह्मपुरी, देहरादून के रूप में हुई है।