बंदियों को किया आध्यात्मिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक

पौड़ी। जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में बंदियों के मानसिक एवं आत्मिक उत्थान के उद्देश्य से विशेष आध्यात्मिक जागरूकता एवं मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक कंचन जेठी ने बंदियों और स्टाफ को योग, ध्यान और प्राणायाम के माध्यम से तनावमुक्त जीवन जीने की तकनीकें बताईं। जिला कारागार अधीक्षक ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और सकारात्मक परिवर्तन का केंद्र भी है। बंदियों ने उत्साहपूर्वक योग और ध्यान सत्र में भाग लिया, जिससे परिसर में सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।