खेत बचाओ अभियान का शुभारंभ, प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान

टिहरी। टिहरी गढ़वाल के जौनपुर विकासखंड अंतर्गत पंतवाड़ी में कृषि विभाग द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारंभ कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया। अभियान का उद्देश्य मृदा संरक्षण, फसल उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के माध्यम से “स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान और समृद्ध भारत” की परिकल्पना को साकार करना है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने पॉवर वीडर से खेत की जुताई कर अभियान की शुरुआत की तथा किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और धरती की उर्वरता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को मिलेट मिशन से जुड़ने और निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 5209 रुपये प्रति कुंतल पर उत्पाद बेचने के लिए प्रेरित किया। किसानों की मांग पर उन्होंने खेतों तक पहुंच के लिए लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा भी की।
मंत्री ने अति सघन बागवानी योजना के तहत स्थापित सेब बगीचे का निरीक्षण कर पर्वतीय क्षेत्रों में फलोत्पादन और क्लस्टर आधारित खेती की सराहना की। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य, संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए, जबकि विशेषज्ञों ने आधुनिक कृषि तकनीकों और मृदा प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया।