जर्जर भवन में संचालित हो रहा लांघा इंटर कॉलेज का कार्यालय

विकासनगर। विकासनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत लांघा स्थित इंटर कॉलेज का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। भवन की दीवारों पर जगह-जगह सीलन और काई जमी है, जबकि छत, बरामदे और छज्जों के कई हिस्से क्षतिग्रस्त नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ चुका है और छत के किनारों तथा छज्जों पर घास-पौधे उग आए हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष सोहन सिंह तोमर ने कहा कि भवन की स्थिति चिंताजनक होने के बावजूद यहां कार्यालय का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि भवन का कोई कमजोर हिस्सा अचानक गिरने से कर्मचारियों या अन्य लोगों के साथ गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सीलन और पानी के कारण भवन की स्थिति और खराब होने की आशंका है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल स्थलीय निरीक्षण और तकनीकी जांच कराने की मांग की है। आवश्यकता के अनुसार भवन की मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि किसी बड़ी अनहोनी से पहले विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए।