दूसरे दिन भी बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक अतिक्रमण पर गरजी जेसीबी

हरिद्वार। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने और आगामी कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में दूसरे दिन भी नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक व्यापक अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही कई अतिक्रमणकारियों ने स्वयं अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि मौके पर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कब्जे हटाए। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने कहा कि सड़कों, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों को आमजन के आवागमन के लिए सुगम बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीम मौजूद रही। प्रशासन ने संकेत दिया कि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।