मालवीय नगर अग्निकांड के बाद हरिद्वार में सघन फायर सेफ्टी अभियान, 16 प्रतिष्ठानों में मिलीं खामियां

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / कुलदीप राय,
हरिद्वार। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हरिद्वार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, रेस्टोरेंट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल, सिनेमा हॉल, बैंक्वेट हॉल तथा अन्य जनसमागम स्थलों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत अब तक 28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 16 में अग्नि सुरक्षा मानकों से जुड़ी विभिन्न खामियां पाई गईं। वहीं 6 प्रतिष्ठानों में आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था नहीं मिली, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर लापरवाही मानी गई।
फायर विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर चालान, सीलिंग और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और सुरक्षा उपायों के माध्यम से ही आग जैसी दुर्घटनाओं से जान-माल की हानि को रोका जा सकता है।