बच्चों के आधार नामांकन व बायोमेट्रिक अद्यतन को प्राथमिकता के निर्देश

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आधार नामांकन, अनिवार्य बायोमेट्रिक अद्यतन एवं विभिन्न सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बच्चों के आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अद्यतन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी तहसीलों में विशेष आधार शिविर आयोजित करने, बंद केंद्रों को तत्काल संचालित करने और आधार सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लंबित प्रकरणों व कॉम्प्लिकेशन केसों की जानकारी उपलब्ध कराने, आधार मशीनों की समस्याओं पर रिपोर्ट तैयार करने तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं एजेंसी प्रतिनिधि मौजूद रहे।