कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश


हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध आवागमन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कांवड़ यात्रा मार्ग एवं कांवड़ पटरी पर की जा रही तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में कांवड़ पटरी एवं यात्रा मार्गों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, मोबाइल शौचालयों की स्थापना, स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात प्रबंधन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, आपसी तालमेल बनाए रखने और सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नामित कर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, नगर निगम, जल संस्थान, जल निगम, एनएचएआई, यूपीसीएल, रेलवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *