कुष्ठ रोगियों के स्वास्थ्य, पेंशन और शिक्षा को लेकर दिए निर्देश

हरिद्वार। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में कुष्ठ रोगियों के कल्याण एवं पुनर्वास को लेकर अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोगियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को कुष्ठ रोगियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने रोगियों के बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्व के अनुसार पात्र कुष्ठ रोगियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करे। लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता और समयबद्धता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अविनाश भदौरिया, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।