पौड़ी जनता मिलन में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान पर जोर दिया गया। विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन मामलों के समयबद्ध निस्तारण और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ई-ऑफिस के अंतर्गत ई-फाइलिंग प्रणाली को अनिवार्य रूप से अपनाने पर बल दिया।
अतिवृष्टि और तेज हवाओं से बाधित विद्युत आपूर्ति व पेयजल पम्पिंग पर गंभीर संज्ञान लेते हुए जल संस्थान और विद्युत विभाग को समन्वय के साथ सेवाएं बहाल करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में पेयजल, वन्यजीव, गैस आपूर्ति, पुस्ता निर्माण और मानदेय संबंधी कई शिकायतों का समाधान किया गया। अधिकारियों को हर शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।