ब्यूटी पार्लर से आत्मनिर्भर बनीं गुड्डी देवी, महिला उद्यमिता को मिला बढ़ावा

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का सकारात्मक असर चमोली जनपद में देखने को मिल रहा है। ग्राम कुशरानी मल्ली निवासी गुड्डी देवी ने ब्यूटी पार्लर व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष सहायता प्राप्त ग्रामोत्थान परियोजना के तहत उन्हें ब्यूटी पार्लर स्थापित करने के लिए 75 हजार रुपये की परियोजना सहायता प्रदान की गई। साथ ही बैंक के माध्यम से 3 लाख रुपये की सीसीएल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
परियोजना और बैंक सहयोग से गुड्डी देवी ने अपने क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर खोलकर स्थानीय महिलाओं को ब्यूटी एवं मेकअप सेवाएं देना शुरू किया। उनकी सेवाओं की क्षेत्र में अच्छी मांग है, जिससे वे प्रतिमाह लगभग 20 से 25 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इस व्यवसाय से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। गुड्डी देवी ने बताया कि सरकारी सहायता और बैंक सहयोग से उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिला। अब वे अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।