जुआ-सट्टा खेलाते 5 आरोपी गिरफ्तार, 18 हजार से अधिक नकदी बरामद

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में विकासनगर पुलिस ने जुआ और सट्टा खिलाने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने बाड़वाला आरामशीन क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 16,650 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। वहीं सहारनपुर बस स्टैंड के पास मोबाइल फोन के जरिए सट्टा खिलाते हुए एक अन्य आरोपी शराफत अली को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 1,560 रुपये नकद, एक पॉकेट डायरी, गत्ता और पेन बरामद हुए। सभी आरोपियों के खिलाफ 13जी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।