गंगा दशहरा स्नान को लेकर हरिद्वार में व्यापक तैयारियां, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। आज 25 मई 2026 को आयोजित होने वाले पवित्र गंगा दशहरा स्नान पर्व को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित करते हुए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। प्रशासन का उद्देश्य लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात, स्वास्थ्य, सफाई और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना है।
हर की पैड़ी और प्रमुख घाटों पर विशेष निगरानी
प्रशासन ने हर की पैड़ी क्षेत्र को सबसे संवेदनशील मानते हुए यहां विशेष व्यवस्था की है। हर की पैड़ी जोन में सचिव हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। महिला घाट, संजय पुल, भारत स्काउट गाइड क्षेत्र सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मालवीय दीप, सुभाष घाट, विष्णु घाट और मोती बाजार क्षेत्रों में भी अधिकारियों की तैनाती कर निगरानी बढ़ाई गई है।
मनसा देवी, चंडी देवी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर फोकस
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मनसा देवी जोन में पैदल मार्ग, हिल बाईपास और मंदिर क्षेत्र में अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं चंडी देवी जोन में कालीमाता तिराहा, चंडी घाट पार्किंग और चिड़ियापुर बैरियर तक निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी मौके पर सक्रिय रहेंगे।
पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
अपर रोड, ऋषिकुल मैदान, रोडी बेलवाला, सिंहद्वार और खड़खड़ी-सप्तऋषि क्षेत्रों में पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। रोडी बेलवाला पार्किंग मैदान, जयराम मोड़, पंतदीप पार्किंग और चंडी चौक जैसे क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कंट्रोल रूम और स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी सक्रिय
रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसकी प्रभारी मीरा रावत होंगी। मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने तथा नगर निगम को सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि स्नान पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा स्नान को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करेंगे।