केदारनाथ यात्रा 2026 में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह, व्यवस्थाओं की हो रही सराहना

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के शुरुआती चरण से ही श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं, जबकि प्रशासन यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पैदल मार्ग पर विश्राम स्थल, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। धाम क्षेत्र में साफ-सफाई, आवास और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना की। गाजियाबाद, दिल्ली, बेंगलुरु और नागपुर से पहुंचे यात्रियों ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन ने बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जिससे यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी हुई है।

केदारनाथ यात्रा में सुरक्षा और राहत बलों की मजबूत तैनाती
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमें लगातार सक्रिय हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सोनप्रयाग, गौरीकुंड, जंगलचट्टी, भीमबली, लिनचोली, बेस कैंप, हेलीपैड और केदारनाथ धाम तक सुरक्षा एवं राहत बल तैनात किए गए हैं। यात्रा व्यवस्थाओं में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, होमगार्ड, पीआरडी और आपदा मित्र समेत 534 से अधिक कार्मिक 24 घंटे सेवाएं दे रहे हैं। प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, संचार व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं से यात्रा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।