पेयजल, सड़क और विकास कार्यों पर जोर, समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश

हरिद्वार। लक्सर विकासखंड कार्यालय सभागार में ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास से जुड़े मुद्दे उठाए।
ग्राम पंचायत भीकमपुरा, मख़ालीपुर, खानपुर ब्रह्मपुर, मुंडाखेड़ा और सेठपुर के प्रतिनिधियों ने पेयजल संकट, गंदा पानी, कम प्रेशर, टूटी पाइपलाइन और खराब सड़कों की समस्याएं सदन में रखीं। इस पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बजट संबंधी मामलों को शासन स्तर पर भेजा गया है और जल्द समाधान का प्रयास किया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि किसी भी ग्राम पंचायत में जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। बैठक में स्वच्छता, स्वास्थ्य, सिंचाई, विद्युत और पंचायत विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।