हरिद्वार में एलपीजी गैस का बैकलॉग खत्म करने की कवायद तेज
हरिद्वार। जनपद में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी और बढ़ते बैकलॉग को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने अतिरिक्त आपूर्ति की मांग उठाई है। इस संबंध में इंडेन मंडल कार्यालय देहरादून को पत्र भेजकर अतिरिक्त लोड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 तक आईओसीएल गैस एजेंसियों में 44,245 और बीपीसीएल एजेंसियों में 14,416 सिलेंडरों का बैकलॉग लंबित है। लगातार बढ़ती बुकिंग के कारण स्थिति और गंभीर हो रही है, जबकि आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं हो पा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी ने एजेंसियों की सूची भेजते हुए जल्द अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और बढ़ते असंतोष को कम किया जा सके।