डॉ. अंबेडकर ने समाज को दी समानता, न्याय और अधिकारों की दिशा में नई सोच

देहरादून/हरिद्वार/पौड़ी। पौड़ी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कलेक्ट्रेट स्थित उनकी प्रतिमा पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की दिशा में नई सोच दी। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी उनके आदर्शों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

छात्र-छात्राओं ने किया बाबा साहेब को नमन
श्रीनगर। रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्रधानाचार्य रिद्धिस उनियाल ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने भाषण, नृत्य और गायन के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और योगदान को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने माहौल को प्रेरणादायक बना दिया।

बहादराबाद में धूमधाम से मनाई अंबेडकर जयंती
हरिद्वार। बहादराबाद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और सामाजिक- संवैधानिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को अपनाने का आह्वान किया। दोपहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंबेडकर जयंती पर छात्रों ने किया रक्तदान
श्रीनगर। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) द्वारा एचएनबी बेस हॉस्पिटल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के मार्गदर्शन में हुए इस शिविर में 30 यूनिट रक्तदान हुआ। कार्यक्रम में डॉ. सतीश कुमार, डॉ. दीपा हटवाल, डॉ. ए.एन. पांडेय और डॉ. सी.बी. त्रिपाठी का सहयोग रहा।

अंबेडकर जयंती पर हुई विचार गोष्ठी
देहरादून। विकासनगर के ऐतिहासिक तिलक भवन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य संजय जैन ने संविधान और अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डाला। कुसुम कौशल व विपुल जैन ने शिक्षा, समानता और अधिकारों पर उनके योगदान को याद किया। संचालन करते हुए प्रदेश सचिव विकास शर्मा ने कहा कि अंबेडकर के सिद्धांत समाज को एकजुट करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिनव ठाकुर ने की।

पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक ने दी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि
हरिद्वार। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न गांवों में शोभायात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और विधायक अनुपमा रावत ने कई गांवों में पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अंबेडकर के विचारों को अपनाने और समाज में समानता, न्याय व भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

जयंती पर बच्चों को वितरित की पाठ्य सामग्री
हरिद्वार। हरिद्वार के जटवाड़ा पुल स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नो, युगजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महंत शुभम गिरी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान स्कूल के बच्चों को कॉपी और कलम वितरित की गई। साथ ही जनपद हरिद्वार में जल्द ही च्क्। पंचायत शुरू करने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।