पर्यटकों से मारपीट मामले में दून पुलिस ने दो और अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने ऋषिकेश के काले की ढाल क्षेत्र में पर्यटकों से मारपीट और वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी इस प्रकरण में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा निवासी पर्यटक सतवीर अपने साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे। इसी दौरान एक महिला से हुई गलतफहमी के बाद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और वाहन को नुकसान पहुंचाया। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ट्रांजिट कैंप के पीछे डग रोड क्षेत्र से अमित और अर्जुन भारती को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य नामजद एवं अज्ञात अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।