सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, 92 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय, साइनेज, स्ट्रीट एवं ट्रैफिक लाइट, मसूरी में रेस ड्राइविंग और मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की समीक्षा की गई।
डीएम ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पष्ट एवं प्रभावी जागरूकता साइनेज लगाने के निर्देश दिए। आशारोड़ी क्षेत्र में 58 साइन बोर्ड, 485 मीटर रंबल स्ट्रिप्स, 1880 मीटर मीडियन मार्कर और 500 मीटर सोलर स्टड्स लगाए जा चुके हैं। उन्होंने खराब स्ट्रीट एवं ट्रैफिक लाइटों को स्मार्ट सिटी के माध्यम से तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मसूरी में रेस ड्राइविंग पर प्रभावी कार्रवाई और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी बढ़ाने को कहा। नगर निगम क्षेत्र की 92 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए 46 जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। अधिकारी आवंटित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की फोटो सहित रिपोर्ट तैयार करेंगे। रिपोर्ट दो दिन के भीतर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को देनी होगी। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सुरक्षित सड़क संरचना, पर्याप्त प्रकाश, साइनेज, निगरानी और समयबद्ध मरम्मत जरूरी है। बैठक में एडीएम स्मृता परमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, आरटीओ अनिता चमोला समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।