दिव्यांगों, वृद्धजनों और बेसहारा महिलाओं-बच्चों के लिए डीएम सविन बंसल की संवेदनशील पहल

दिव्यांगों, वृद्धजनों और बेसहारा महिलाओं-बच्चों के लिए डीएम सविन बंसल की संवेदनशील पहल


देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने दिव्यांगजनों, वृद्धजनों तथा बेसहारा महिलाओं और बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) और केदारपुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन के लिए अलग-अलग निःशुल्क ईवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांग एवं वृद्धजनों का जीवन आसान बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2025 में गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय में राज्य का पहला जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया था, जहां फिजियोथेरेपी, मनोवैज्ञानिक परामर्श, दिव्यांग प्रमाण पत्र और कृत्रिम अंग वितरण जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि डीडीआरसी से जुड़े लोगों को अस्पतालों, समाज कल्याण विभाग और अन्य संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, जिसे देखते हुए निःशुल्क ईवी वाहन सेवा शुरू की गई है। वहीं राजकीय नारी निकेतन, बालिका निकेतन और शिशु सदन में रह रही 180 से अधिक महिलाओं और बच्चों को भी अब सुरक्षित एवं सम्मानजनक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
डीएम ने कहा कि यह पहल सामाजिक संवेदनशीलता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। ईवी वाहन सेवा से प्रदूषण नियंत्रण को बढ़ावा मिलेगा और जरूरतमंदों को सुरक्षित आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *