जिलाधिकारी ने दिए कांवड़ यात्रा से पहले सभी निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग और शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्य समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पेयजल निगम को सीवरेज और जलापूर्ति से जुड़े निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण, गड्ढा मरम्मत और पेचवर्क कार्य तत्काल पूरा करने को कहा। साथ ही सड़क किनारे पड़ा निर्माण मलबा हटाने के निर्देश दिए ताकि यातायात बाधित न हो।
नगर निगम, नगर पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों और कलमठों की सफाई प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की स्थिति बनने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।