पार्षद के खिलाफ निगम कर्मचारियों का मोर्चा, सार्वजनिक माफी तक बहिष्कार का ऐलान

श्रीनगर गढ़वाल। वार्ड संख्या-40 के पार्षद संदीप रावत और नगर निगम कर्मचारियों के बीच विवाद गहरा गया है। पार्षद द्वारा कर्मचारियों पर लगाए गए आरोपों के विरोध में शनिवार को निगम के अधिकारी और कर्मचारी धरने पर बैठ गए तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
कर्मचारियों ने महापौर आरती भंडारी और नगर आयुक्त नुपुर वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि पार्षद ने जनता दरबार में निगम कार्मिकों के खिलाफ निराधार शिकायतें कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। मामले की जांच के लिए महापौर ने पांच सदस्यीय समिति गठित कर दी है। कई घंटों तक चले धरने के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन स्थगित कर दिया, लेकिन साफ कहा कि जब तक पार्षद सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक उनके वार्ड में किसी भी कार्य में सहयोग नहीं किया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में निगम के अधिकारी, कर्मचारी और सफाई कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।