जनसुनवाई में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सुनीं समस्याएं

पौड़ी। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, सतपुली में शनिवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत जनसुनवाई एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि सतपुली में नयार नदी पर लगभग 56.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित सतपुली झील परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि झील के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, भू-जल स्तर में सुधार होगा, पेयजल एवं सिंचाई सुविधाएं मजबूत होंगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्र में पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गुमखाल से सतपुली तक राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके अलावा 47.70 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं, 22.39 करोड़ रुपये की मोटर मार्ग परियोजनाएं तथा 12.58 करोड़ रुपये की लागत से आठ मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण कराया गया है। सतपुली में पर्यटन आवास गृह, कार पार्किंग और रैन बसेरा निर्माण के लिए भी 8.10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान चार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। शिविर में शिकायत काउंटर पर 42 शिकायतें तथा 91 मांग-पत्र प्राप्त हुए। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में महिला एवं युवक मंगल दलों को स्वास्थ्य संवर्धन एवं स्वावलंबन योजनाओं के तहत 10.84 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई।