सरस फूड फेस्टिवल में दिखेगा हुनर और स्वाद का संगम

देहरादून। रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित सरस फूड फेस्टिवल-2026 में देशभर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हुनर, स्वाद और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिलेगी। फेस्टिवल में विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की महिलाएं पारंपरिक खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री करेंगी। नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को फूड, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम और लाइव फूड स्टॉल आवंटित किए गए हैं। देहरादून के 30 से अधिक समूह भी इसमें शामिल होंगे। फेस्टिवल का उद्देश्य महिलाओं को बाजार उपलब्ध कराने, उत्पादों की पहचान बढ़ाने और स्वरोजगार को मजबूत करना है।