नन्दा अष्टमी पर जागतोली दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग आगाज

रुद्रप्रयाग। नन्दा अष्टमी के पावन अवसर पर जागतोली के विशाल क्रीड़ा मैदान में पांच दिवसीय जागतोली दशज्यूला महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, कलाकारों और महिला मंगल दलों ने लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का शुभारंभ केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट एवं भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी विशिष्ट अतिथि रहीं। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे महोत्सव लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। महोत्सव में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल भी लगाए।