पाबौ क्षेत्र को कैबिनेट मंत्री ने दी 4.85 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पाबौ क्षेत्र को कैबिनेट मंत्री ने दी 4.85 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के पहले दिन विकासखंड पाबौ क्षेत्र को 4.85 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने ग्राम बजवाड़ में 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इसके बाद उन्होंने चमगांव तोक से बड़ियूं गांव तक 10.01 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सड़क संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया।
कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 3.50 किलोमीटर लंबे पटोटी-माथोली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर 4.19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र की यातायात सुविधा मजबूत होगी।
ग्राम सलाना में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय त्रिलोक सिंह भंडारी की स्मृति में निर्मित स्मृति द्वार का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है तथा उनके आदर्श सदैव नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
इस दौरान डॉ. रावत ने सलाना, बड़ियूं, चमगांव और कालौं सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, विमल नेगी, नरेंद्र भंडारी, बलवीर सिंह, गंगा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *