बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित, 11,557 परीक्षार्थी होंगे शामिल

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परिषदीय परीक्षा 2027 के सुचारु संचालन को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में हुई बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में कुल 126 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें 125 मिश्रित परीक्षा केंद्र और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीधार में एक एकल परीक्षा केंद्र शामिल है। इन केंद्रों पर संस्थागत और व्यक्तिगत श्रेणी के कुल 11,557 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी विकासखंडों में 15 केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज चमाड़ा को इस वर्ष नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बैठक में बताया गया कि 33 केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या 60 से कम है या भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे केंद्रों को मानकों में छूट देते हुए स्व-केंद्र की अनुमति दी गई है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना को निर्देश दिए कि दुर्गम क्षेत्रों और कम छात्र संख्या वाले अन्य विद्यालयों में भी स्व-केंद्र की आवश्यकता होने पर औचित्यपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और विद्यार्थियों की सुविधा का ध्यान रखने को कहा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक अंशुल बिष्ट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।