बोर्डिंग स्कूलों की सुविधाओं की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर होगी सख्ती

बोर्डिंग स्कूलों की सुविधाओं की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर होगी सख्ती


टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद के बोर्डिंग स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा में अखोड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में वार्डन और प्रतापनगर विद्यालय में अकाउंटेंट का पद रिक्त पाया गया। आमपाटा विद्यालय में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण टैंकर से आपूर्ति की जा रही है, जो पर्याप्त नहीं है। जिलाधिकारी ने समस्या के समाधान के निर्देश दिए। विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराने, पुस्तकालयों में पुस्तकें पहुंचाने और खराब सोलर गीजर की मरम्मत के लिए भी कार्रवाई करने को कहा गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल में 541 और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार में 216 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बैठक में पेयजल, खेल मैदान, छात्रावास और अन्य सुविधाओं की जरूरतें भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने आपातकालीन दवाइयों, स्वास्थ्य केंद्रों के संपर्क नंबर और भोजनालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *