महिलाओं का सम्मान, 2027 में कैंट सीट जीतने का लिया संकल्प

देहरादून। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के कांवली ब्लॉक में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम की संयोजक ब्लॉक अध्यक्ष अंजू भारती रहीं। उत्तराखंड न्याय यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाली कार्यकर्ताओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
डॉ. गोगी ने कहा कि महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न्याय यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं का उत्साह और समर्पण पार्टी की ताकत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और घर-घर जाकर महंगाई, बेरोजगारी सहित जनसमस्याओं को उठाने का आह्वान किया। उन्होंने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा पर जोर देते हुए कहा कि मतदाता सूची की पारदर्शिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने “वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा भी दोहराया। अंजू भारती ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूनम गुप्ता, कौशल्या देवी, सीमा, शिवा कुमारी, निशा देवी, सपना, श्वेता, प्रीति गुप्ता, शांति देवी, सुनीता, शीला, रीता शर्मा, बाला रानी, किरण, सोनी देवी, पूनम भट्ट, लक्ष्मी देवी, गुड़िया और राजरानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।