मानसून से पहले डीएम ने परखी आपदा तैयारियां, विभागों को दिए सख्त निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आगामी मानसून और संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
बैठक में नदियों एवं बरसाती नालों के चौनलाइजेशन कार्य, पुलों के एबैटमेंट के पास जमा मलबा हटाने और नगर निगमों द्वारा नालों की सफाई की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित सफाई कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने को कहा। वन विभाग को गिरे और संवेदनशील वृक्षों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आपदा नियंत्रण कक्षों को 24×7 सक्रिय रखने, राहत-बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसी भी आपदा सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।