बहादराबाद और खानपुर को मिली हाइड्रोलिक ट्रैक्टर ट्रॉली

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने विकास भवन परिसर से विकासखंड बहादराबाद और खानपुर के लिए मिनी हाइड्रोलिक ट्रैक्टर ट्रॉलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीडीओ ने कहा कि जनपद को स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा मुक्त बनाने के उद्देश्य से शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। नव उपलब्ध ट्रैक्टर ट्रॉलियां विकासखंडों में कूड़ा संग्रहण और निस्तारण कार्य को गति देंगी तथा स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएंगी। कार्यक्रम के दौरान जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, स्वच्छता नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।