विकास कार्यों की समीक्षा कर मंत्री सतपाल महाराज ने दिए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश

विकास कार्यों की समीक्षा कर मंत्री सतपाल महाराज ने दिए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार पौड़ी में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं और जनहित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी भी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन मोटर मार्गों, सड़क सुधारीकरण और डामरीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए वर्षा ऋतु से पहले सभी लंबित परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों और 12 आपत्तियों वाले प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में 35 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 4 कार्य प्रगति पर हैं। स्वास्थ्य विभाग, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, पर्यटन और सिंचाई विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने झूलती विद्युत लाइनों और क्षतिग्रस्त पोलों को तुरंत ठीक करने तथा अन्य विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *