डेंगू रोकथाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। डेंगू और अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में स्वास्थ्य और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर डेंगू नियंत्रण के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि रैपिड टेस्ट, एलिसा टेस्ट, दवाइयां, ब्लड बैंक, बेड और अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखने और किसी भी डेंगू केस पर त्वरित रिस्पांस देने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम ने नगर निगम को शहर के सभी छोटे-बड़े नालों, ड्रेनेज और रिस्पना-बिंदाल नदी तटों की शीघ्र सफाई के निर्देश दिए। डेंगू हॉटस्पॉट क्षेत्रों में वॉलिंटियर्स और रैपिड रिस्पांस टीम तैनात कर डोर-टू-डोर सर्वे, लार्विसाइड छिड़काव और नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। आशा कार्यकत्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए अतिरिक्त इंसेंटिव की घोषणा करते हुए डीएम ने बताया कि एनएचएम से 1000 रुपये, नगर निगम से 1500 रुपये और जिला प्रशासन की ओर से 1500 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने, एडवाइजरी जारी करने और बच्चों के लिए फुल बाजू ड्रेस अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कैंपस और सार्वजनिक स्थलों पर जलभराव मिलने पर भारी चालान काटने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सभी विभागों के समन्वय से डेंगू नियंत्रण के लिए वार्ड स्तर तक माइक्रो प्लान बनाकर काम करने को कहा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।