विधानसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन के तहत 30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है सपा
देहरादून। समाजवादी पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2027 में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर 30 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने 30 विधानसभा सीटें चिह्नित कर उनकी सूची राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेज दी है। इनमें 15 सीटों को प्राथमिकता पर रखा गया है।
सिद्दीकी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सूची पर विचार-विमर्श के बाद जो भी निर्णय लेंगे, संगठन उसे स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट होना जरूरी है। अलग-अलग चुनाव लड़ने से विपक्ष को नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को सत्ता से हटाना है तो सभी विपक्षी दलों को मिलकर चुनाव लड़ना होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि गठबंधन में सपा के हिस्से में आने वाली सीटों पर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को भी समर्थन देगी। हालांकि, गठबंधन नहीं होने की स्थिति में समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी।