जनता की समस्याओं का प्राथमिकता पर करें निस्तारण, न लगाने पड़े चक्कर

जनता की समस्याओं का प्राथमिकता पर करें निस्तारण, न लगाने पड़े चक्कर
 
Sumit  Tiwari / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
 
 
देहरादून।  जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जन समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, पारिवारिक उत्पीड़न, आर्थिक सहायता, मुआवजा, भूमि पैमाइश और अवैध निर्माण से संबंधित 140 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं।
डीएम ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कार्रवाई से शिकायतकर्ता को अवगत कराने के निर्देश दिए। वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ईस्ट होपटाउन में मुआवजा भुगतान, विकासनगर में भूमि पैमाइश और आईटी पार्क क्षेत्र में निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जॉलीग्रांट क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम डोईवाला व एमडीडीए से स्टेटस रिपोर्ट मांगी गई। घरेलू हिंसा व दहेज उत्पीड़न की शिकायत पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्रवाई तथा पीड़िता को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए डीएलएसए को निर्देशित किया गया।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त
देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट में सीएम हेल्पलाइन एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने 36 से 180 दिन तक लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से दो दिन में विस्तृत रिपोर्ट मांगी। डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। फोर्स क्लोज की जा रही शिकायतों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई की स्थिति दर्शाने वाला प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। बैठक में वर्ष 2025 से लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं की भी समीक्षा की गई।

जनसुनवाई में 65 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 32 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण, दीपगंगा अपार्टमेंट में मूलभूत सुविधाएं, सोलर सब्सिडी, जल निकासी और सलेमपुर की जर्जर सड़क से संबंधित मामले भी उठे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। 36 दिन से अधिक समय से लंबित एल-1 की 259 और एल-2 की 97 शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।

जन संवाद में 15 शिकायतें दर्ज, सात का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिला सभागार में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, मुआवजा, गौशाला और निर्माण कार्यों से जुड़ी 15 शिकायतें रखीं, जिनमें सात का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन में 30 शिकायतें दर्ज, त्वरित निस्तारण के निर्देश
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने मुआवजा, पेयजल, विद्यालय मरम्मत, भूमि विवाद, नेटवर्क कनेक्टिविटी, सेप्टिक टैंक सहित 30 शिकायतें रखीं। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से अवगत कराने को भी कहा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा की गई।
जनता दर्शन में 10 शिकायतें दर्ज, त्वरित निस्तारण के निर्देश
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा, मुआवजा सहित अन्य मामलों से जुड़ी 10 शिकायतें रखीं। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा भी की। इस दौरान कुछ लंबित शिकायतों का समाधान किया गया।
जनता मिलन में 42 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुनर्वास, प्रतिकर, सड़क, आपदा, अतिक्रमण, आवास और आर्थिक सहायता से संबंधित 42 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। अधिकांश प्रकरणों का मौके पर निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा कर लंबे समय से लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *