श्रीनगर में सभी विद्युत लाइनें होंगी अंडरग्राउंड: डा. धन सिंह रावत

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर शहर में सभी विद्युत लाइनों को शीघ्र भूमिगत (अंडरग्राउंड) किया जाएगा, जिसके लिए ऊर्जा विभाग को विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य तेज किया जाएगा।
यह जानकारी कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड विद्युत लाइनें शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की संभावना को भी कम करेंगी। बैठक में उफरैंखाल में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। मंत्री ने सरकारी भवनों, विद्यालयों और अस्पतालों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर पोलों के बदलने, पुराने ट्रांसफार्मर हटाने तथा उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही सभी राजकीय विद्यालयों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।