केदारनाथ यात्रा ने रचा नया कीर्तिमान, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिली नई गति

केदारनाथ यात्रा ने रचा नया कीर्तिमान, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिली नई गति


रूद्रप्रयाग। राज्य सरकार और जिला प्रशासन की सुनियोजित व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। 8 जून 2026 तक 11 लाख 58 हजार 395 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं, जिससे यात्रा प्रबंधन की सफलता और श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत मिलता है। सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का लाभ जहां श्रद्धालुओं को मिला है, वहीं स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन सेवाओं और स्वरोजगार से जुड़े हजारों लोगों की आर्थिकी को भी मजबूती मिली है।
अगस्त्यमुनि व्यापार मंडल के अध्यक्ष त्रिभुवन सिंह नेगी ने कहा कि यात्रा सीजन से पहले अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर कुछ आशंकाएं थीं, लेकिन राज्य सरकार और जिला प्रशासन की प्रभावी व्यवस्थाओं ने सभी चिंताओं को दूर कर दिया। रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं से व्यापारियों और होटल व्यवसायियों को व्यापक आर्थिक लाभ मिला है।
होटल संचालक ऋषभ नौटियाल के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन से होटल व्यवसाय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था ने यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाया है।
गुप्तकाशी व्यापार सभा के महासचिव आशीष बिष्ट और गौरीकुंड व्यापार सभा के अध्यक्ष राम चन्द्र गोस्वामी ने भी यात्रा के सफल संचालन के लिए सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं तथा होटल, परिवहन, घोड़ा-खच्चर संचालन और अन्य व्यापारिक गतिविधियों में आय बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *