जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनी समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 70 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 55 शिकायतें ऑफलाइन और 15 शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुईं। प्रशासन ने 32 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में स्थापित मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ग्रामीणों की शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराई गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायत निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 591 और एल-2 स्तर पर 111 शिकायतें लंबित पाई गईं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।