टिहरी में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर

टिहरी गढ़वाल। विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, जनजागरूकता अभियान तेज करने और स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को नियमित फील्ड विजिट और समयबद्ध प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि घर पर प्रसव की संख्या शून्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, 108 एंबुलेंस सेवा, ओपीडी-आईपीडी और स्वास्थ्य शिविरों की भी समीक्षा की गई।