फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोबाइल स्नेचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। कैंट पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए वारदात से पहले अपनी कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी।
पुलिस के अनुसार 2 मई को पंकज नेगी निवासी गढ़ी कैंट ने शिकायत दर्ज कराई कि पैदल जाते समय स्विफ्ट कार सवार दो युवकों ने उनका आईफोन-12 छीन लिया और फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने अन्य लोगों की मदद से वाहन का पीछा किया। इस दौरान गढ़ी चौक के पास आरोपियों की कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने अपनी कार का असली नंबर छिपाकर उस पर चोरी की गई दिल्ली नंबर प्लेट लगाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों वसीम अहमद और दानिश हसन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने छीना गया आईफोन-12, फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट कार और असली नंबर प्लेट बरामद की है।